
-
जिला कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
-
सेवा सेतु अभियान के तहत होगा आयोजन
मरुधर गूंज, बीकानेर (18 सितम्बर 2026)।
विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत 19 से 25 सितंबर तक प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 9:30 बजे से शाम 6 बजे अथवा कार्य समाप्ति तक चलेंगे। पंचायत समिति मुख्यालयों पर संबन्धित विकास अधिकारी इन शिविरों के प्रभारी होंगे।
शिविरों की तैयारियों के संबंध में शुक्रवार को जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में शिविरों से संबंधित 22 विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रत्येक पंचायत समिति से संबंधित अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
जिला कलेक्टर ने कहा कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों से संबंधित समस्त तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। शिविरों में अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिले, इसे ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शिविरों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित समस्त स्वीकृतियां जारी करने के साथ ही लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में संबंधित 22 विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग उन्हें आवंटित कार्यों का संपादन सुनिश्चित करे।
फार्मर रजिस्ट्री और गिरदावरी में प्रगति के निर्देश
जिला कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गिरदावरों और पटवारियों की बैठक लेकर गिरदावरी कार्य में प्रगति लाने को कहा। सभी उपखंड अधिकारियों को इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। दुधारू पशुओं में होने वाले लंपी स्किन रोग के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएफएसए के लंबित आवेदनों का निस्तारण करने, पीएम किसान निधि के 5 प्रतिशत लाभार्थियों का सत्यापन करने तथा पालनहार योजना के सभी पात्र लाभार्थियों का 100 प्रतिशत नवीनीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इन विभागों की रहेगी भागीदारी
जिला कलेक्टर ने बताया कि शिविरों में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, राजस्व, राजीविका, वन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, ऊर्जा, कृषि, योजना, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, श्रम, आपदा प्रबंधन एवं सहायता, जल संसाधन, परिवहन, सहकारिता, शिक्षा, आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति, सैनिक कल्याण, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग की भागीदारी रहेगी। प्रत्येक विभाग के लिए शिविरों के दौरान किए जाने वाले कार्यों का निर्धारण किया गया है।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



