
दक्षिणी राजस्थान में सबसे ज्यादा असर, कोटा-उदयपुर सहित कई संभागों में तेज बारिश की चेतावनी
मरुधर गूंज, जयपुर/बीकानेर (23 जुलाई 2026)।
राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगामी 3 से 4 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की प्रबल संभावना है। विशेष रूप से दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं अतिभारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र के ऊपर ऊपरी परिसंचरण तंत्र सक्रिय है। वहीं मानसून ट्रफ लाइन जैसलमेर से कोटा होते हुए गुजर रही है। इसके अलावा वायुमंडल के ऊपरी स्तरों में पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी दक्षिणी राजस्थान के ऊपर सक्रिय है, जिसके चलते प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।
कब और कहां होगी बारिश?
23 जुलाई 2026
- कोटा, उदयपुर, जोधपुर और अजमेर संभाग में मध्यम से भारी बारिश।
- एक-दो स्थानों पर अतिभारी/अत्यंत भारी वर्षा की संभावना।
- भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश के आसार।
24 जुलाई 2026
- अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट।
- जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना।
25 जुलाई 2026
- दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
- प्रदेश के शेष भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
- भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
- बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें।
- आवश्यक होने पर ही यात्रा करें तथा मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें।


