September 9, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, बीकानेर (09 सितम्बर 2026)।

नगर निगम चुनाव के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मतदान शुरू होने के बाद शहर के कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। लोग उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। हालांकि, कुछ वार्डों में शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही।

सुबह 10 बजे तक बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में 20.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 4,77,789 मतदाताओं में से 99,591 मतदाता सुबह 10 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

नगर निगम चुनाव में इस बार एक वार्ड में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुका है, जबकि शेष वार्डों में 371 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक 15 प्रत्याशी वार्ड संख्या 2 से चुनाव लड़ रहे हैं। आज का मतदान इन सभी प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगा।

अर्जुनराम मेघवाल ने किया मतदान

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनके मतदान केंद्र पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला।

448 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा

मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नगर निगम क्षेत्र में 448 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,792 मतदान कार्मिक तैनात हैं। सुरक्षा के लिए 1,800 पुलिसकर्मी और 60 रिजर्व पुलिस पार्टियां तैनात की गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार मतदान प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

14 सितंबर को आएगा चुनाव परिणाम

जिले की छह नगरपालिकाओं के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा, जबकि नगर निगम सहित सभी नगरीय निकायों की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी। मतगणना के बाद प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला सामने आएगा।