August 16, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, उमरिया (15 अगस्त 2026)।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उमरिया जिले के जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रक्सा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिसमे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान जैसा मामला सामने आया है। यहां 15 अगस्त के कार्यक्रम में तिरंगा ठीक से फहर ही नहीं सका। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण ध्वजारोहण के दौरान तिरंगा ठीक से नहीं फहर सका।

राष्ट्रीय पर्व पर लापरवाही शर्मनाक

जिसके कारण तिरंगा फहराने के लिए पंचायत सचिव बांस की लकड़ी से बार-बार झंडे फहराने के लिए जद्दोजहद करते दिखे। बताया जाता है कि रस्सी-पुली की व्यवस्था न होने के कारण तिरंगा आधे में ही लटकता रह गया। ग्रामीणों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की लापरवाही शर्मनाक है। पंचायत के जिम्मेदारों ने पहले से तैयारी नहीं की जिसके कारण राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

अब स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत सीईओ से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान सर्वोपरि है। लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। स्वतंत्रता दिवस पर उल्टा तिरंगा फहराने का मामला, राहगीरों की आपत्ति के बाद सुधारी गलती

पैरा मेडिकल कॉलेज में उल्टा ध्वज फहराया

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे ग्राम भरौला स्थित पैरा मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तिरंगा उल्टा फहरा दिया गया। बताया गया कि कार्यक्रम में राष्ट्रगान भी शुरू कर दिया गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उल्टे तिरंगे पर पड़ी और उन्होंने आपत्ति जताई।

राष्ट्रगान को बीच में रोककर ध्वज को ठीक किया

राहगीरों की आपत्ति के बाद आयोजकों ने तत्काल राष्ट्रगान को बीच में रोककर ध्वज की स्थिति को ठीक किया। इसके बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग

राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान देश की गरिमा और नागरिकों की जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण से पहले तिरंगे की स्थिति और दिशा की जांच नहीं किया जाना गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों और आयोजन समिति से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।