

मरुधर गूंज, बीकानेर (12 अक्टूबर 2026)।
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन सर्वकामगार सेवा संघ, बीकानेर के प्रधान कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। जोगमाया मंदिर के सामने, दशनाम गोस्वामी भवन के समीप आयोजित समारोह में सामाजिक समरसता अभियान का भी लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, श्रमिक प्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल हुए।
प्रधान कार्यालय का उद्घाटन सामाजिक समरसता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक एवं विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित, विप्र फाउंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष धनसुख सारस्वत, मजदूर संघ के प्रतिनिधि ताराचंद नायक, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रकला आचार्य और शहर अध्यक्ष सुनीता व्यास की उपस्थिति में वैदिक विधि-विधान से किया गया।

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य
भंवर पुरोहित ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। प्रधान कार्यालय के माध्यम से श्रमिकों को एक साझा मंच मिलेगा, जहां उनकी समस्याओं को सुनने, उचित मार्गदर्शन देने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने सर्वसमाज से अभियान में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
धनसुख सारस्वत ने कहा कि सामाजिक समरसता समाज के विभिन्न वर्गों को आपसी सहयोग, सम्मान और समानता के सूत्र में जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने सर्वकामगार सेवा संघ की श्रमिक कल्याण संबंधी गतिविधियों की सराहना करते हुए अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता जताई।

नवरात्र में 101 कन्याओं का होगा पूजन
चन्द्रकला आचार्य ने बताया कि नवरात्र के अवसर पर 101 कन्याओं का पूजन और प्रसाद वितरण कर नारी शक्ति के सम्मान तथा सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता को मजबूत करने में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
संघ के महामंत्री रामस्वरूप हर्ष एवं जगदीश शर्मा ने बताया कि संगठन पिछले दस वर्षों से संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रहा है। सामाजिक समरसता अभियान के तहत श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन करने और संबंधित विभागों तक उनकी समस्याएं पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में लालचंद गेधर, देवकिशन स्वामी, भरत सिंह, राजेन्द्र सैन, दिनेश चुरा, संजय स्वामी, चन्द्रप्रकाश स्वामी, नवनीत पुरोहित, नारायण पारीक, सुशील व्यास, रामरतन पुरोहित, कोशल आचार्य, सुरेंद्र ओझा, नागू भा पुरोहित, एडवोकेट पवन पुरोहित, विप्र फाउंडेशन युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दिनेश व्यास, सौरभ शर्मा, धनादास स्वामी सहित विभिन्न समाजों एवं संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में श्रमिक सम्मान, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और सर्वसमाज की एकजुटता पर जोर दिया गया। आयोजकों ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, श्रमिकों और समाजसेवियों से अभियान से जुड़कर सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।


