

मरुधर गूंज, बीकानेर (06 सितम्बर 2026)।
लायंस क्लब बीकानेर मल्टीविजन की ओर से डॉ. शिवचरण कश्यप स्मृति शिक्षाविद् सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियों एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षाविद् मूलचंद जहांगिर का उनके निवास स्थान पर पहुंचकर सम्मान किया गया।
लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने मूलचंद जहांगिर को स्मृति सम्मान, शॉल, श्रीफल एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक और शिक्षाविद् समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की दिशा मिलती है।
लायंस क्लब के अध्यक्ष लायन नीरज भटनागर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों का सम्मान करना समाज के लिए गौरव की बात है। ऐसे सम्मान शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
क्लब की सचिव लायन डॉ. सुचित्रा कश्यप ने कहा कि डॉ. शिवचरण कश्यप की स्मृति में आयोजित यह सम्मान शिक्षा जगत में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम है। मूलचंद जहांगीर के शैक्षणिक योगदान को सम्मानित करते हुए क्लब ने उनके कार्यों की सराहना की तथा उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लायन प्रमोद बहादुर सक्सेना ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और संस्कारों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों लायन विजय कुमार शर्मा, लायन उमाशंकर आचार्य, लायन आरिफ एवं सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।



