
विप्र फाउंडेशन को आवंटित भूमि का प्रभारी मुकेश रामपुरा ने किया अवलोकन,
शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करवाने को लेकर हुई सार्थक चर्चा
मरुधर गूंज, बीकानेर (23 जुलाई 2026)।
विप्र फाउंडेशन, जोन 1-बी के प्रभारी श्री मुकेश जी रामपुरा अपने एक दिवसीय बीकानेर प्रवास के दौरान विप्र फाउंडेशन को आवंटित भूमि का अवलोकन करने पहुंचे। इस दौरान जोन 1-बी के प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत सहित बीकानेर संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विप्र फाउंडेशन को आवंटित इस भूमि पर जयपुर स्थित श्री परशुराम ज्ञानपीठ की तर्ज पर बीकानेर में भी भव्य परशुराम ज्ञानपीठ का निर्माण प्रस्तावित है। यह ज्ञानपीठ विप्र समाज की शैक्षणिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनने के साथ ही समाज के युवाओं को शिक्षा, संस्कार, मार्गदर्शन एवं नेतृत्व के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भूमि अवलोकन के दौरान प्रस्तावित श्री परशुराम ज्ञानपीठ के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द प्रारंभ करवाने को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। साथ ही निर्माण कार्य की आगामी रूपरेखा, संगठनात्मक सहभागिता तथा इस महत्वपूर्ण परियोजना को गति देने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
जोन 1-बी के प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत ने कहा कि प्रस्तावित श्री परशुराम ज्ञानपीठ केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज के भविष्य की मजबूत नींव का केंद्र होगा। यह ज्ञानपीठ समाज की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विशेष रूप से युवाओं के लिए यह एक निर्णायक मंच साबित होगा, जहां उन्हें शिक्षा, संस्कार, सामाजिक चेतना, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे।
युवा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट पंकज पीपलवा ने कहा कि समाज को ऐसे संस्थानों की आवश्यकता है, जो नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ते हुए आधुनिक शिक्षा, ज्ञान और प्रगतिशील सोच के साथ आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करें। प्रस्तावित श्री परशुराम ज्ञानपीठ इसी उद्देश्य की पूर्ति करते हुए विप्र समाज को संगठित, शिक्षित, संस्कारित और प्रगतिशील बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस अवसर पर जोन 1-बी के प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत ने प्रभारी मुकेश रामपुरा का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। साथ पधारे प्रदेश सचिव युवा प्रकोष्ठ सुनील शर्मा, रतनगढ़ का युवा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट पंकज पीपलवा ने दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। वहीं फाउंडेशन के सक्रिय साथी युवराज व्यास ने शंकर जी महर्षि का स्वागत किया।
इस अवसर पर पीयूष भूषण शर्मा, युवराज व्यास एवं कैशव आचार्य सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



