October 4, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, श्रीगंगानगर/हनुमानगढ़ (04 अक्टूबर 2026)।

देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के अंतर्गत रामेश्वरम्-मदुरई तीर्थ यात्रा के लिए विशेष रेलगाड़ी दिनांक 9 अक्टूबर 2026 को सायं 4:55 बजे हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह विशेष रेलगाड़ी हनुमानगढ़ से रवाना होकर सूरतगढ़ होते हुए रामेश्वरम्-मदुरई पहुंचेगी।

इस विशेष यात्रा रेलगाड़ी में कुल 970 चयनित तीर्थयात्री यात्रा करेंगे। इनमें हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से 470 तथा सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन से 500 यात्री सवार होंगे। यात्रा में शामिल चयनित यात्रियों को संबंधित रेलवे स्टेशन पर निर्धारित समय पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।

देवस्थान विभाग की आयुक्त श्रीमती प्रज्ञा केवलरमानी के अनुसार सहायक आयुक्त, देवस्थान विभाग हनुमानगढ़ के अधीन हनुमानगढ़ जिले के यात्रियों को 9 अक्टूबर को प्रातः 11:00 बजे हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर रिपोर्ट करना होगा। इसी प्रकार श्रीगंगानगर जिले के यात्रियों को प्रातः 11:00 बजे सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर रिपोर्ट करना होगा। यात्रियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर यात्रा संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूर्ण करने का आग्रह किया गया है।

यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए यात्रा के दौरान एक ट्रेन प्रभारी तथा प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में नियुक्त रहेंगे। इसके अतिरिक्त चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंग अधिकारी भी पूरी यात्रा के दौरान उपलब्ध रहेंगे, जो यात्रियों के स्वास्थ्य की देखभाल करेंगे।

देवस्थान विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के अंतर्गत रामेश्वरम्-मदुरई यात्रा के लिए चयनित यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से सूचना दी जा रही है। यात्रा के लिए चयनित यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन भरे गए आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र, मूल जनआधार/आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लाने होंगे।

यात्रियों को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री, आवश्यक दवाइयां, व्यक्तिगत जरूरत के लिए पर्याप्त नकदी एवं आवश्यक कपड़े भी साथ लाने होंगे। देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा इस विशेष रेलयात्रा के दौरान 8 दिनों तक यात्रियों के आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इस प्रकार चयनित यात्रियों के लिए यह तीर्थ यात्रा पूर्णतः निःशुल्क होगी।

देवस्थान विभाग ने सभी चयनित यात्रियों से निर्धारित समय पर संबंधित रेलवे स्टेशन पहुंचने तथा आवश्यक दस्तावेज एवं सामग्री साथ लाने की अपील की है, ताकि यात्रा संबंधी सभी प्रक्रियाएं सुचारु रूप से एवं समय पर पूर्ण की जा सकें।