July 3, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, अयोध्या (03 जुलाई 2026)।

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दान-पात्रों से कथित चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

होसबोले ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दान-पात्रों से चोरी की घटना ने करोड़ों रामभक्तों की आस्था और भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा समाज दुखी है और इसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।

जांच पर जताया भरोसा

संघ के सरकार्यवाह ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। उन्होंने कहा कि जांच की सिफारिशों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की जा चुकी है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।

व्यवस्था में होगी सुधार

दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि यह घटना अपवाद के रूप में देखी जानी चाहिए। साथ ही मंदिर की व्यवस्था और वित्तीय प्रबंधन में यदि कहीं कोई कमी है तो उसे पूरी गंभीरता के साथ दूर किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि ऐसे प्रभावी कदम उठाए जाएं जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास और मंदिर की व्यवस्था दोनों पहले से अधिक मजबूत हों।

उन्होंने उम्मीद जताई कि मंदिर प्रशासन और जांच एजेंसियां पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करेंगी। बेहतर वित्तीय प्रबंधन, जवाबदेह व्यवस्था और सुचारु संचालन के माध्यम से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील

आरएसएस ने इस मामले में पूरे हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील भी की। होसबोले ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू समाज और धर्म की छवि धूमिल करने की कोशिश करने वाली राष्ट्र-विरोधी और हिंदू-विरोधी ताकतों के मंसूबों को सफल नहीं होने देना चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई के जरिए पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी तथा दोषियों को कानून के अनुसार उचित दंड मिलेगा।