August 5, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, बीकानेर (5 अगस्त 2026)।

जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध संपत्तियों और बैंक खातों पर शिकंजा कस दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के मकान सीज, जमीन जब्त और बैंक खाते फ्रीज कर उनकी आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बीकानेर में इस तरह की यह पहली कार्रवाई मानी जा रही है।

सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में भुट्टों का बास निवासी हिस्ट्रीशीटर सत्तार खां पुत्र मेऊ खां के दो मकानों पर कार्रवाई की गई। उसका नवनिर्मित मकान पूरी तरह सीज कर दिया गया, जबकि पुराने आवासीय मकान को फिलहाल फ्रीज किया गया है। नियमानुसार परिवार को 45 दिन तक उसमें रहने की अनुमति दी गई है, जिसके बाद उसे भी सीज कर दिया जाएगा। सीज किए गए मकान पर प्रवेश निषेध के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं।

इसी कार्रवाई के तहत फिरोज पुत्र शहजाद की भैरूंखेरा स्थित करीब 8 बीघा कृषि भूमि भी सीज कर दी गई। वहीं जेल में बंद शहजाद के बैंक खाते में जमा 12 लाख रुपये तथा परी खान पुत्री शबीर खान के खाते में जमा 9 लाख रुपये भी फ्रीज कर दिए गए हैं।

परिवार पर 46 मुकदमे, नशा तस्करी बना कारोबार

पुलिस के अनुसार सत्तार खां का परिवार लंबे समय से नशा तस्करी में लिप्त है। सत्तार के खिलाफ अकेले एनडीपीएस एक्ट के 13 मामले दर्ज हैं। उसके तीन पुत्र साजिद, सिकंदर और अनीश भी नशा तस्करी के मामलों में जेल में बंद हैं। परिवार के चारों सदस्य हिस्ट्रीशीटर हैं और पूरे परिवार पर कुल 46 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सत्तार फिलहाल फरार है, जबकि उसके तीनों बेटे जेल में बंद हैं।

फिरोज भी एनडीपीएस मामले में फरार चल रहा है। उसके पिता शहजाद के खिलाफ भी तीन मामले दर्ज हैं और वह जेल में बंद है। इसी प्रकार परी खान भी एनडीपीएस मामले में आरोपी है और वर्तमान में फरार है।

दिल्ली की विशेष कोर्ट से मिले आदेश

पुलिस ने बताया कि एसपी मृदुल कच्छावा ने नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के उद्देश्य से दिल्ली स्थित एनडीपीएस विशेष न्यायालय से संपत्तियों को सीज और फ्रीज करने के आदेश प्राप्त किए थे। इन्हीं आदेशों के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

यह कार्रवाई एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ एवं सीओ सदर शालिनी बजाज के सुपरविजन में सदर थाना पुलिस द्वारा की गई।

नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश

बीकानेर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अब केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति और आर्थिक संसाधनों पर भी सख्त प्रहार किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगेगा और अपराधियों को अदालतों के चक्कर भी काटने पड़ेंगे।