September 20, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, बीकानेर (5 अगस्त 2026)।

शाकद्वीपीय समाज की बेटी ने प्रतिभा और मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए राजकीय मोहता मूलचंद विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा जानस्वी शर्मा ने डॉ. एपीजे. अब्दुल कलाम व्यक्तित्व विकास योजना 2026-27 की चयन प्रक्रिया में शानदार सफलता अर्जित की है। जानस्वी ने 583 अंक प्राप्त कर बीकानेर जिले में द्वितीय स्थान (जिला रैंक-2) हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है।

जानस्वी शर्मा, अजय कुमार शर्मा की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर यह सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और शिक्षकों सहित परिजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. एपीजे. अब्दुल कलाम व्यक्तित्व विकास योजना का उद्देश्य राजकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रीय सोच का विकास करना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण, व्यवहारिक शिक्षा, नेतृत्व कौशल तथा अंतरराज्यीय शैक्षणिक भ्रमण जैसे विशेष अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।

विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार जानस्वी शर्मा पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षिक गतिविधियों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का परिचय देकर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

विद्यालय की प्राचार्य ने जानस्वी शर्मा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि जानस्वी भविष्य में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रदेश एवं देश स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल कर बीकानेर का गौरव बढ़ाएंगी।

विद्यालय परिवार, अभिभावकों, मरुधर गूंज एवं शुभचिंतकों ने जानस्वी शर्मा को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।