
मरुधर गूंज, बीकानेर (3 अगस्त 2026)।
शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज बीकानेर की मासिक बैठक व राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा की बैठक, रविवार को स्थानीय सेवगों की बगेची में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा, समाज की जनगणना, राजनीतिक सहभागिता तथा आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी जेठमल शर्मा ने की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जेठमल शर्मा ने कहा कि समाज के युवा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं, जो पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने समाज के शिक्षित एवं अनुभवी लोगों से विद्यार्थियों का नियमित मार्गदर्शन करने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक युवा सफलता प्राप्त कर समाज का नाम रोशन करें।
महासभा के महासचिव राजेश शर्मा ने कहा कि समाज के युवाओं की राजनीति में सक्रिय भागीदारी समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से राजनीतिक रूप से अधिक सक्रिय होने का आह्वान किया।
वरिष्ठ सदस्य आर के शर्मा ने कहा कि समाज में रोजगार के साधन कैसे उपलब्ध हो उनकी संभावनाएं तलाशी जाए
समाज में लड़के लड़कियों शादी में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता नितिन वत्सस ने समाज के वरिष्ठ लोगों से गोत्रों की फलियों पर पुनर्विचार और विस्तृत चर्चा का प्रस्ताव दिया l
मासिक बैठक के बाद राजस्थान प्रांतीय शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासभा की बैठक में शिक्षा प्रकोष्ठ से जुड़े राजेंद्र शर्मा ने महासभा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के लिए युवाओं के उत्साह की सराहना की l
बैठक के दौरान समाज के वरिष्ठ सदस्य बनवारीलाल पांडे ने शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महासभा को ₹10,000 की सहयोग राशि देने की घोषणा की, जिसका उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
महासभा के बीकानेर संभाग अध्यक्ष एडवोकेट दिलीप सेवग ने बताया कि समाज की जनगणना के लिए गठित समिति शीघ्र ही बीकानेर में जनगणना कार्य पूर्ण करेगी। उन्होंने कहा कि समाज का व्यवस्थित एवं अद्यतन आँकड़ा भविष्य की योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा l
कार्यक्रम का संचालन हरीश भोजक ने किया तथा अंत में गणेश शर्मा ने उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया।
बैठक में विकास शर्मा, चंद्र शर्मा, निलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्यजन एवं सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।


