September 7, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, दिल्ली (06 सितम्बर 2026)।

दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के सत्य निकेतन (आरके पुरम) में रविवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव और आपातकालीन राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक्स पोस्ट में बताया कि एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी, कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। एहतियात के तौर पर बगल की इमारत को खाली करा दिया गया है। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

बचाव कार्य तेज करने के निर्देश : CM गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे समन्वय बनाए रखें और बचाव कार्य को तेज करें। स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने भी घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। राहत-बचाव अभियान चल रहा है और टीमें जमीन पर आवश्यक सहायता मुहैया करा रही हैं। नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।

तीन घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में कराया भर्ती

ताजा जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल तीन मरीजों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

घटना के बाद सत्य निकेतन में अफरा-तफरी का माहौल है। अधिकारी लगातार अपडेट दे रहे हैं और प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है। बचाव अभियान जारी है।