

मरुधर गूंज, जोधपुर (15 सितम्बर 2026)।
राजस्थान शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज, जोधपुर की ओर से लोक देवता बाबा रामदेव जी की बीज के पावन अवसर पर पैदल जातरुओं की सेवा के लिए एक दिवसीय विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शास्त्रीनगर स्थित समाज बंधु श्री आनंद जी के निवास के बाहर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं और बाल गोपालों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेवा कार्य का शुभारंभ सुबह 8 बजे भगवान भास्कर एवं बाबा रामदेव जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भंडारे में पैदल यात्रियों के लिए ठंडे पानी के कैंपर, चाय, कॉफी, बिस्किट, पोहा, पकौड़े, अमूल लस्सी, छाछ, गुलाब शर्बत, मीठी सेवइयां, केले और मोगर कचोरी सहित विभिन्न प्रकार की प्रसादी की व्यवस्था की गई।

भंडारे में चिकित्सा सेवा का भी विशेष प्रबंध रहा। पैदल जातरुओं के पैरों में छाले या घाव होने पर मरहम-पट्टी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही यात्रियों की BP और शुगर की जांच भी जीत मेडिकल कॉलेज की टीम द्वारा की गई।
इस पुनीत सेवा कार्य में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। भीषण उमस और गर्मी के बावजूद समाजबंधु पूरे उत्साह के साथ सेवा में जुटे रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय देवड़ा, संजय, अमित एवं विशाल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में श्री सुरेन्द्र जी हटिला ने सभी समाज बंधुओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। भंडारे का समापन भगवान भास्कर एवं बाबा रामदेव जी की आरती के साथ हुआ।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि शास्त्रीनगर स्थित श्री आनंद जी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती राखी जी के निवास के बाहर पिछले 8 वर्षों से लगातार इस भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। उनके निःस्वार्थ सेवा भाव और आवभगत के लिए समाज की ओर से हृदय से आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया गया।




