
बीकानेर, 19 सितंबर 2026। नापासर थाना क्षेत्र में नौरंगदेसर-रायसर के बीच हाईवे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दूध की पिकअप ने सड़क पर जा रहे ऊंटगाड़े को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऊंटगाड़ा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के तीन बच्चे घायल हो गए। उपचार के दौरान एक बच्चे ने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार ऊंटगाड़ा चालक पूनरासर मेले से अपने परिवार के बच्चों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही दूध की पिकअप ने ऊंटगाड़े को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऊंटगाड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में ऊंटगाड़ा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ मौजूद तीन बच्चे घायल हुए, जिनमें दो पोते और एक दोहिता शामिल बताए जा रहे हैं। उपचार के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर नापासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऊंटगाड़े और दूध की पिकअप के संबंध में जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एएसआई मनोज चौधरी ने बताया कि रायसर के पास हुए सड़क हादसे में ऊंटगाड़ा चालक की मौके पर ही मौत हुई है। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।


