October 7, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, इंदौर (07 अक्टूबर 2026)।

इंस्टीट्यूट के बाद दोस्तों के साथ घूमने निकली छात्रा का एक युवक ने कथित तौर पर बिना अनुमति वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद उस पर भद्दे कमेंट आने लगे। इससे परेशान छात्रा ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने निजता भंग करने के मामले में आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

चाय की दुकान पर बनाया वीडियो

तुकोगंज पुलिस के अनुसार छात्रा इंद्रप्रस्थ टावर के पास चाय की दुकान पर खड़ी थी, तभी आरोपित शाहबाज ने उसका वीडियो बना लिया। छात्रा को इसकी जानकारी तब हुई, जब उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड हो गया और उस पर आपत्तिजनक कमेंट आने लगे।

शिकायत के बाद मामला दर्ज

छात्रा ने मंगलवार को पुलिस को शिकायत दी। उसने पुलिस को बताया कि उसकी अनुमति के बिना वीडियो बनाया गया और इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित शाहबाज के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल जब्त, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि वीडियो किस इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड किया गया था और उसे कितने लोगों तक पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपित के मोबाइल की भी जांच शुरू कर दी है।