मरुधर गूंज, देहरादून (05 सितम्बर 2026)।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरलता और समयबद्धता से पहुंचाया जाए। उन्होंने पेंशन योजनाओं के संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने को कहा।
साथ ही, जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारण से आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिह्नित कर अकाउंट आधारित भुगतान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे। उन्होंने वन क्लिक के माध्यम से 9,91,914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ पांच लाख 51 हजार रुपये की पेंशन राशि भेजी।
लाभार्थियों के खातों में भुगतान
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरलता और समयबद्धता से पहुंचाया जाए। इस दौरान उन्होंने वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं के लाभार्थियों के खातों में भुगतान भी किया।
प्रदेश में कुल लाभार्थियों में 2,14,711 राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के अंतर्गत तथा 7,77,203 राज्य स्तर पर आच्छादित हैं। जारी धनराशि में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और छह करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश है। कार्यक्रम में बताया गया कि अगस्त में स्वीकृत नई पेंशन में 3,945 वृद्धावस्था, 1,000 विधवा, 416 दिव्यांग, 106 किसान, 23 परित्यक्ता और 115 भरण-पोषण अनुदान के लाभार्थी शामिल हैं।
यह भी बताया गया कि सामाजिक (न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितंबर को नई दिल्ली स्थित डा आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। इसमें सामाजिक न्याय से जुड़ी प्राथमिकताओं पर केंद्र, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद होगा।



