
मरुधर गूंज, बीकानेर (7 अगस्त 2026)।
विप्र फाउंडेशन, जोन 1-बी के प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. दीपक हर्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकेश दाधीच के बीकानेर प्रवास के दौरान विप्र फाउंडेशन को अधिकृत रूप से प्राप्त भूमि का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री धनसुख सारस्वत, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला आचार्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतीश शर्मा, जोन प्रभारी मुकेश रामपुरा, प्रदेश महामंत्री दीपक व्यास, युवा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट पंकज पीपलवा, संगठन महामंत्री अमित व्यास, युवराज व्यास सहित विप्र फाउंडेशन के अनेक पदाधिकारी एवं विप्र बंधु उपस्थित रहे।

डॉ. दीपक हर्ष ने बताया कि विप्र फाउंडेशन को बीकानेर में प्राप्त भूमि पर जयपुर की तर्ज पर श्री परशुराम ज्ञानपीठ का निर्माण प्रस्तावित है। यह ज्ञानपीठ समाज के लिए शिक्षा, संस्कार, शोध, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होगा। इसके माध्यम से युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, प्रशिक्षण, मार्गदर्शन तथा समाजहित के विभिन्न कार्यक्रमों का नियमित संचालन किया जाएगा। यह परियोजना भविष्य में बीकानेर संभाग के विप्र समाज के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सिद्ध होगी।
इसी अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत एवं महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला आचार्य की अनुशंसा पर बीकानेर निवासी श्रीमती मोनिका गौड़ को विप्र फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया। उनका कार्यकाल 31 मार्च 2028 तक रहेगा।

उन्होंने बताया कि श्रीमती मोनिका गौड़ वर्तमान में शिक्षिका होने के साथ-साथ जानी-मानी साहित्यकार भी हैं। शिक्षा, साहित्य, सामाजिक जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके व्यापक अनुभव, संगठन क्षमता एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकेश दाधीच के कर-कमलों से श्रीमती मोनिका गौड़ को प्रदेश संगठन महामंत्री पद का नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महिला प्रकोष्ठ संगठन की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुँचाएगा तथा महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत सहित विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकेश दाधीच का विप्र दुपट्टा पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने समाजहित के कार्यों को और अधिक गति देने तथा बीकानेर में श्री परशुराम ज्ञानपीठ निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।


