
मरुधर गूंज, बीकानेर (3 अगस्त 2026)।
बीकानेर में बारिश की उम्मीद बनी हुई है। मानसून ट्रफ लाइन (वायुमंडल में कम हवा का दबाव) उत्तर की ओर शिफ्ट होने के बाद बीकानेर संभाग में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी सोमवार से बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो 8 और 9 अगस्त को भारी बारिश का रूप ले सकता है।
फिलहाल बीकानेर में मौसम सुहावना है। बारिश नहीं होने के बावजूद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सावन के महीने में अच्छी बारिश की उम्मीद से किसानों को खरीफ फसल के लिए राहत मिलने की आस जगी है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर परिसंचरण तंत्र के रूप में सक्रिय है। वहीं, मानसून ट्रफ लाइन सोमवार को बीकानेर से होकर गुजर रही है। इसके उत्तर की ओर शिफ्ट होने से 3 अगस्त को भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।
उत्तर-पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 अगस्त को राज्य के उत्तरी और पूर्वी भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 6 से 8 अगस्त के दौरान उत्तर-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी राजस्थान के जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों सहित पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं।
अगस्त में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि बीकानेर-शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। बीकानेर और जोधपुर संभाग में 9 अगस्त तक बारिश होने के संकेत हैं। इससे खासकर असिंचित क्षेत्रों में बारिश के भरोसे बुवाई कर रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
तापमान में और गिरावट के आसार
पिछले 24 घंटे में बीकानेर में 2.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। शहर में रविवार को हल्की बारिश हुई, जबकि आसपास के गांवों में भी बूंदाबांदी हुई।
फिलहाल अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक है। 2 अगस्त को हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है और मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में इसमें और कमी आने की संभावना है।


