
मरुधर गूंज, बीकानेर (20 जुलाई 2026)।
समाजहित एवं धार्मिक गतिविधियों को नई गति देने के उद्देश्य से न्यू डेहरु माता विकास समिति का गठन समाज के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित नागरिकों की अध्यक्षता में किया गया। समिति का गठन 19 जुलाई 2026 को समस्त समाज के प्रबुद्धजनों की सर्वसम्मति से संपन्न हुआ।
बैठक में उपस्थित समाज के सदस्यों ने समिति के गठन का स्वागत करते हुए पूर्ण समर्थन एवं सहमति व्यक्त की। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए मंदिर के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर पुष्करणा पुरोहित, भादाणी, गिल्डा महेश्वरी एवं लव औज्ञा समाज के सभी सदस्यों को समिति के गठन की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह समिति मंदिर के समग्र विकास, परिसर की सुव्यवस्थित देखरेख तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों के संचालन के उद्देश्य से कार्य करेगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा शीघ्र ही की जाएगी, जिसमें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों को उचित जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से मंदिर विकास और सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान भी किया।


