

मरुधर गूंज, बीकानेर (21 मार्च 2026)।
अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर शनिवार को वन विभाग द्वारा बीछवाल के मरुधरा वानस्पतिक उद्यान (बॉटनिकल गार्डन) में कौशल उन्नयन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ एरिड हॉर्टिकल्चर (CIAH) के वैज्ञानिक श्री हनुमान राम एवं प्रगतिशील कृषक श्री रामेश्वर लाल ने किया।

उप वन संरक्षक (वन्यजीव) श्री संदीप कुमार छलानी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस पर इस वर्ष की थीम ”वन एवं अर्थव्यवस्थाएं” रही, जिसका उद्देश्य वन क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से पाई जाने वाली वनस्पतियों को एग्रोफोरेस्ट्री तकनीक के माध्यम से आर्थिक रूप से उपयोगी बनाना है।

कार्यशाला में विशेषज्ञों प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न वृक्ष प्रजातियों एवं वनस्पतियों के संवर्धन, रोपण की आधुनिक विधियों तथा ग्राफ्टिंग तकनीक पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।इस दौरान मरुधरा बोटैनिकल गार्डन में खेजड़ी एवं बेर के पौधों पर ग्राफ्टिंग तकनीक का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।
इससे पूर्व क्षेत्रीय वन अधिकारी जोड़बीड श्री चंद्रभान सिंह तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी (वन्यजीव) श्रीमती सरोज द्वारा साफा पहनाकर स्वागत अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर उप वन संरक्षक (वन्यजीव), बीकानेर श्री संदीप कुमार छलानी द्वारा प्रशिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।कार्यशाला में वन विभाग के कर्मचारियों, वन सुरक्षा एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा वन मित्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।


