January 1, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, नई दिल्ली/जयपुर (01 जनवरी 2026)।

साल की अंतिम तारीख उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के बीच गुजरी। मौसम के हालात बताते हैं कि नए वर्ष की शुरुआत में ठंड का असर और तेज होने वाला है। पहाड़ी राज्यों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते बर्फबारी जारी है, वहीं मैदानी इलाकों में बादल, हल्की बारिश और उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक ठंड का यह दौर बना रह सकता है। जनवरी के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। बीते दस दिनों में लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर चुके हैं। फिलहाल पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दो जनवरी तक पहाड़ों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी तथा मैदानी इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं।

पश्चिमी हवाएं कमजोर पड़ रही हैं और उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है। इसके चलते उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड का प्रकोप जारी है, जिसका असर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान तक दिखाई देने लगा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तीन जनवरी के बाद आसमान साफ होगा, लेकिन इसी के साथ तापमान और नीचे जाएगा, जिससे ठंड और अधिक परेशान करेगी।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पांच जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इसके प्रभाव से ठंड और बढ़ेगी तथा न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ सकती है। वर्ष के अंतिम दिन पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहे। एक जनवरी को दिल्ली और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश के संकेत हैं। हालांकि धुंध और कोहरे के कारण एक-दो दिन तक न्यूनतम तापमान में बहुत अधिक गिरावट नहीं होगी, लेकिन बारिश के बाद ठंड का असर तेज हो जाएगा। इसके बाद उत्तर दिशा से चलने वाली ठंडी हवाएं पंजाब, हरियाणा और एनसीआर में ठिठुरन बढ़ाएंगी, जिससे न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे जाएगा।

तीन और चार जनवरी से यही ठंडी हवाएं बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेंगी, जहां शीतलहर की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों के लिए कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। कोहरे को लेकर भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं।

IMD के अनुसार ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में पांच जनवरी तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में दो जनवरी तक और पश्चिमी राजस्थान में तीन जनवरी तक कोहरे का असर बना रह सकता है। दिल्ली-NCR में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई।