November 17, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, चित्तौड़गढ़ (22 दिसम्बर 2025)।

चित्तौड़गढ़ जिले में मंडफिया थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्रीसांवलियाजी मंदिर में श्रद्धालुओं एवं सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट की घटना के मामले में पुलिस ने दो श्रद्धालुओं को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार को मंदिर में अत्यधिक भीड़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लगे निजी सुरक्षा कंपनी टाइगर सिक्योरिटी के कर्मियों एवं उदयपुर से आये श्रद्धालु परिवार के बीच व्यवस्था को लेकर मारपीट हो हो गयी। इस पर सुरक्षाकर्मी की सूचना पर मंदिर पहुंची पुलिस ने उदयपुर निवासी श्रृद्धालु तनवीर सिंह सिक्ख और चरणजीत सिंह सिक्ख को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

Lavc57.107.100

श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं सुनी। उनके साथ आयी गर्भवती महिला को सुरक्षाकर्मी ने धक्का दिया था, जिससे वह गिर गयी और उसे चोटें आई। इसके बाद ही मारपीट की घटना हुई।

दूसरी ओर इस घटना के कुछ देर बाद ही सुरक्षाकर्मियों ने मध्यप्रदेश के कुकड़ेश्वर से आये श्रद्धालु प्रियांशु मालवीय के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसके नाक से खून बहने लगा। श्रद्धालुओं ने पुलिस को फोन किये, लेकिन पुलिस कर्मी नहीं आये जबकि स्वयं सुरक्षाकर्मी उसे अस्पताल ले गये और उपचार भी करवाया।

सूत्रों ने बताया कि निजी सुरक्षाकर्मी आये दिन छोटी-मोटी अव्यवस्थाओं पर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करते रहते हैं और पुलिस उनकी कोई सुनवाई नहीं करती। कुछ महीनों पहले अव्यवस्था के चलते झालावाड़ के एक श्रृद्धालु की गिरने से मौत भी हो गयी थी।