April 2, 2026
MG NEWS
नौ कुंडीय

मरुधर गूंज, जोधपुर-अजमेर (14 जून 2025) ।

जोधपुर-इंदौर ट्रेन के एक कोच में सीट को लेकर हुआ मामूली सा विवाद इतना बढ़ गया कि दिल्ली से भीलवाड़ा के हमीरगढ़ आ रहे दो युवकों के साथ समुदाय विशेष के होने के कारण जमकर मारपीट कर दी गई। हंगामे के चलते चेनपुलिंग भी हुई। करीब 20 मिनिट खड़ी रहने के बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई।

जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी युवक राजकुमार पुत्र किशनदेव हमीरगढ़ में उसके रिश्तेदार से मिलने के लिए वह अपने दोस्त जीतेंद्र के साथ जोधपुर-इंदौर ट्रेन संख्या 14801 के बी-3 कोच में सीट नंबर 21-24 पर सफर कर हमीरगढ़ आ रहा था। अजमेर स्टेशन पहुंचने पर एक सीट पर बैठे कपल ने उन्हें सीट आदान-प्रदान करने के लिए कहा।

इस पर वह अपने दोस्त सहित कपल की सीट पर बैठ गया। इसी दौरान समुदाय विशेष की तीन से चार महिलाओं सहित आधा दर्जन लोग कोच में आए और जबरन उसे व दोस्त को सीट से उठा दिया। इस बीच ट्रेन रवाना हो गई। नसीराबाद स्टेशन पहुंचने तक दोनों पक्षों के सीट को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मामला हाथापाई और फिर मारपीट में बदल गया।

मारपीट में राजकुमार लहूलुहान हो गया। उधर झगड़े की सूचना पर आरपीएफ व जीआरपी स्टॉफ नसीराबाद स्टेशन पर कोच में पहुंचा, जहां दो आरोपितों को ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद ट्रेन वहां से रवाना हो गई। ट्रेन के भीलवाड़ा स्टेशन पहुंचने पर कोच में एक बार फिर हंगामा हो गया।

पीड़ित पक्ष के साथ ही अन्य यात्रियों ने मारपीट करने वालों को ट्रेन से उतारने की जीआरपी व आरपीएफ से मांग की। काफी देर चले हंगामे के बाद जीआरपी स्टॉफ एक महिला को ट्रेन से उतार लिया। इस दौरान चेन पुलिंग भी की गई।बाद में 20 मिनिट से खड़ी ट्रेन इंदौर के लिए रवाना हुई।

लोगों ने जीआरपी चौकी प्रभारी पर कार्रवाई नहीं कर भेदभाव करने तक के आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। बाद में राजकुमार से उक्त घटना को लेकर आरोपित पिता-पुत्र इब्राहिम व इमरान को नामजद किया। इस बीच सूचना मिलने पर नगर निगम महापौर राकेश पाठक भी जीआरपी चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए चौकी प्रभारी को मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए कहा।