January 1, 2026
MG NEWS

मरुधर गूंज, श्रीगंगानगर (15 दिसम्बर 2025)।

राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने वर्ष के अंतिम महीने में अधिक से अधिक संख्या में नशीले पदार्थों के तस्करों की धरपकड़ का अभियान तेज किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अभियान रविवार से प्रारंभ किया गया, जिसके तहत जिले में कई लोगों को अवैध रूप से नशीले पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सादुलशहर में पंजाब सीमा पर स्थित पतली चेक पोस्ट के पास है बबलू उर्फ गोंडर कुम्हार (25) को 248 ग्राम अवैध गांजा सहित गिरफ्तार किया गया। लालगढ़ जाटान थाना पुलिस को गांव भागसर के नजदीक लिंक चैनल नहर के किनारे झाड़ियों में पांच किलो अवैध डोडा पोस्त मिला है।

पुलिस ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने थाने के सामने ही पालिका बाजार में कल रात खैरातीलाल अरोड़ा (30) से 6.80 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसी क्षेत्र में श्रवण नायक को 40 पव्वे देसी शराब ले जाते पकड़ा गया। हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में लेखराम उर्फ लेखू नायक (38 ) से 4.35 ग्राम हेरोइन बरामद की गयी जबकि पदमपुर में गुरप्रीतसिंह (23) को 14.13 ग्राम हेरोइन ले जाते गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि अन्य थाना क्षेत्रों में भी अभियान के तहत छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियान जारी रहेगा।