

मरुधर गूंज, सुलतानपुर (03 फरवरी 2026)।
जम्मू के अखनूर सेक्टर में तैनात भारतीय सेना के नायब सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह का रविवार को निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर सोमवार रात करीब दस बजे उनके पैतृक गांव बरुई पहुंचा। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां पुष्पा सिंह बेटे के पार्थिव शरीर से लिपटकर बेसुध हो गईं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मंगलवार को बरुई घाट पर गोमती नदी के तट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। भूपेंद्र कुमार सिंह के 9 वर्षीय बेटे शिवांश ने मुखाग्नि दी।

सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने घर पहुंच कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने पार्थिव शरीर को अन्तयेष्टि स्थल ले जाते समय कांधा दिया। विधायक ने अपनी ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख पच्चीस हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में अंत्येष्टि स्थल निर्माण कराए जाने का आश्वासन दिया।
भूपेंद्र कुमार सिंह जम्मू के अखनूर स्थित ऑर्डिनेंस डिपो में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे। रविवार भोर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। भूपेंद्र कुमार सिंह का परिवार लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह, एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात सिंह और थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय की मौजूदगी में अयोध्या की 5 मराठा लाई बटालियन के जवानों ने सूबेदार मेजर नानासो भदरगे की अगुवाई में गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी।
उनके पिता प्रसिद्ध नारायण सिंह वर्ष 1996 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। बड़े भाई रवींद्र कुमार सिंह ऑर्डिनेंस डिपो में सूबेदार मेजर के पद पर तैनात हैं, जबकि छोटे भाई सत्येंद्र कुमार सिंह भी सेना में सेवा दे रहे हैं। भूपेंद्र वर्ष 2003 में सेना में भर्ती हुए थे।उनके निधन से क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण उमड़े। इस दौरानप्रमुख मोतिगरपुर चन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओपी चौधरी, भाजपा नेता राम पूजन दुबे, ग्राम प्रधान भगेलूराम, मधुबन प्रधान बजरंग बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


